कल्पना कीजिए कि एक सेवानिवृत्त हवलदार, जिसने सेना में पूरी ईमानदारी से सेवा दी, रिटायरमेंट के बाद अपना छोटा सा काम शुरू करना चाहता है। उसे लगता है कि बैंक लोन महंगा है, सरकारी मदद की जानकारी अधूरी है और अलग-अलग वेबसाइटों पर जाकर सही योजना ढूंढना बेहद मुश्किल है।
अब सवाल यह है कि अगर उसे एक ही जगह यह पता चल जाए कि वह किन सरकारी योजनाओं के लिए पात्र है, तो उसका सफर कितना आसान हो सकता है।
यहीं से myScheme प्लेटफॉर्म की असली भूमिका शुरू होती है।
myScheme भारत सरकार का एक राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे नागरिकों के लिए सरकारी योजनाओं की खोज और जानकारी को आसान बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह प्लेटफॉर्म किसी एक योजना पर केंद्रित नहीं है, बल्कि यह बताता है कि आपकी व्यक्तिगत जानकारी के आधार पर कौन-कौन सी सरकारी योजनाएं आपके लिए उपयुक्त हैं।
यह प्लेटफॉर्म खास तौर पर सेवा में कार्यरत सैनिकों, पूर्व सैनिकों, रक्षा परिवारों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और स्वरोज़गार की योजना बना रहे नागरिकों के लिए उपयोगी है, जो अक्सर सही योजना की जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित रह जाते हैं।
myScheme पर इस समय 4600 से अधिक सरकारी योजनाएं उपलब्ध हैं। इनमें केंद्र सरकार की छह सौसे अधिक योजनाएं और राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेशों की लगभग चार हजार योजनाएं शामिल हैं।
इसका अर्थ यह है कि किसी नागरिक को अलग-अलग मंत्रालयों या राज्य सरकारों की वेबसाइट पर जाकर जानकारी खोजने की आवश्यकता नहीं होती।
myScheme पर योजनाएं कई प्रमुख क्षेत्रों में व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हैं। इनमें कृषि, ग्रामीण विकास और पर्यावरण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा, व्यवसाय और उद्यमिता, शिक्षा और सीखने के अवसर, स्वास्थ्य और वेलनेस, आवास और आश्रय, स्किल्स और रोज़गार, सामाजिक कल्याण और सशक्तिकरण, महिला और बाल विकास, विज्ञान और आईटी, पब्लिक सेफ्टी, परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्र भी शामिल हैं।
डिफेन्स समुदाय के लिए विशेष रूप से यह प्लेटफॉर्म इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें स्वरोज़गार, स्किल डेवलपमेंट, शिक्षा सहायता, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से जुड़ी कई योजनाएं उपलब्ध हैं।
myScheme नागरिकों के लिए एक सरल तीन चरणों की प्रक्रिया पर काम करता है।
पहले चरण में उपयोगकर्ता को अपनी बुनियादी जानकारी दर्ज करनी होती है, जैसे उम्र, राज्य, आय वर्ग, पेशा और सामाजिक श्रेणी।
दूसरे चरण में myScheme का सिस्टम इनजान कारियों के आधार पर सैकड़ों सरकारी योजनाओं में से केवल उन्हीं योजनाओं को छांटकर दिखाता है, जिनके लिए उपयोगकर्ता पात्र होता है।
तीसरे चरण में उपयोगकर्ता अपनी पात्र योजनाओं की पूरी जानकारी देख सकता है और संबंधित योजना के आधिकारिक आवेदन पृष्ठ पर जाकर आवेदन कर सकता है।
myScheme पर किसी भी योजना के लिए पात्रता शर्तें, मिलने वाले लाभ, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न स्पष्ट रूप से उपलब्ध होते हैं।
इससे नागरिकों को न तो किसी बिचौलिए (agent) पर निर्भर रहना पड़ता है और नही गलत या अधूरी जानकारी के कारण आवेदन में परेशानी होती है।
myScheme प्लेटफॉर्म को National e-Governance Division ने बनाया है और वही इसे चलाता है। इसे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सहयोग प्राप्त है। यह प्लेटफॉर्म केंद्र और राज्य सरकारों के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों के साथ मिलकर काम करता है।
इसी वजह से myScheme एक पूरी तरह आधिकारिक और भरोसेमंद सरकारी प्लेटफॉर्म है।
सेना में सेवा के दौरान या रिटायरमेंट के बाद अक्सर सही सरकारी योजना की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। अलग-अलग वेबसाइट्स, कठिन नियम और साफ जानकारी न होने के कारण कई बार जरूरी लाभ छूट जाते हैं।
myScheme इस परेशानी को आसान बना देता है। यह आपसे यह नहीं पूछता कि आप क्या हैं, बल्कि आपकी जानकारी के आधार पर यह बताता है कि आप किन सरकारी योजनाओं के लिए पात्र हैं।
सरकारी योजनाएं सिर्फ घोषणाएं नहीं होतीं। इन्हें नागरिकों का भविष्य सुरक्षित करने, आत्मनिर्भर बनाने और जीवन को मजबूत करने के लिए बनाया जाता है। जरूरत बस इतनी है कि सही जानकारी सही समय पर मिल जाए।
myScheme इसी जरूरत को पूरा करता है।
आज के लिए बस इतना ही।
अगर आप चाहते हैं कि हम किसी खास योजना, नीति, नौकरी, या किसी विशेष कहानी/अपडेट को कवर करें, तो आप alert@faujibeats.com पर हमसे सीधे संपर्क कर सकते हैं ।
तब तक FaujiBeats के साथ WhatsApp, Instagram और LinkedIn पर जुड़े रहिए।
जय हिन्द!
Tech
Tech
Tech